बालासोर | ओडिशा के बालासोर में एक रोंगटे खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां ससुराल वालों ने विवाहिता को एक तांत्रिक के पास छोड़ दिया और उसे तांत्रिक से संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। तांत्रिक ने महिला के साथ करीब 79 दिनों तक दुष्कर्म किया। विवाहिता ने किसी तरह अपने घरवालों को फोन किया और सारी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया और पुलिस की मदद से विवाहिता को तांत्रिक के कब्जे से छुड़ाया।
इस मामले में पुलिस ने पीड़िता के पति, सास और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी। शादी के छह महीने बाद ही उसके ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। जब उसने अपने पति से बात की तो उसने उस पर ही आरोप लगा दिए। कुछ दिनों बाद उसका पति काम के सिलसिले में बाहर चला गया।
इसके बाद महिला की सास गीता रानी उसे तांत्रिक के पास ले गई। सास ने महिला से कहा कि तांत्रिक उसका पारिवारिक विवाद खत्म कर देगा, लेकिन इसके लिए उसे कुछ दिन तक तांत्रिक के पास रहना होगा। महिला ने सास के फैसले का विरोध किया लेकिन ससुराल वाले उसे जबरदस्ती वहां छोड़ गए। जिसके बाद तांत्रिक ने उसके साथ 79 दिनों तक रेप किया। उसे एक कमरे में बंद कर दिया था। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।