जालंधर (ब्यूरो)-महानगर के रामनगर में एक व्यक्ति द्वारा कंधे पर बेटे की लाश ढोने की शर्मनाक वीडियो सामने आई है। बताया जाता है कि यह वीडियो रामनगर की है।
इस वीडियो में नजर आ रहा कि एक बुजुर्ग पिता अपने बेटे की लाश कंधे पर लेकर पैदल चला जा रहा है। अस्पताल में बेटे की मौत के बाद उसे शव को पैक करके दे दिया गया। पिता के पास लाश को किसी साधन से ले जाने के लिए रुपये नहीं थे। न ही उन्हें शव वाहन मिला। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बुजुर्ग पिता ने बेटे की लाश को अपने कंधे पर रखा और पैदल ही चल दिया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि बुजुर्ग कंधे पर शव रखकर चल रहा है और उसके पीछे एक और बच्चा चल रहा है। जालंधर वह जिला है जहां 500 से ज्यादा अस्पताल हैं और 100 से ज्यादा ऐंबुलेंस का दावा किया जाता है। कई एनजीओ और सोशल वर्कर मदद कर रहे हैं मरीजों से लेकर शवों को लाने-ले जाने के लिए फ्री व्यवस्था कर रहे हैं लेकिन इस पिता को किसी ने सहारा नहीं दिया। बुजुर्ग के कंधों पर झुकी हुई इस लाश ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या हम उस शहर में रह रहे हैं जिसे सबसे ज्यादा अस्पतालों वाले शहर के रूप में पहचान मिली है।
प्रशासन रोजाना लाइव होकर मरीजों के लिए तमाम सुविधाएं उपलब्ध होने का दावा करता है। दोपहर को जब रामनगर रोड पर यह व्यक्ति मजबूरी में एंबुलेंस या आटो अथवा रिक्शा वाले को भी लाश ले जाने का भाड़ा ना दे पाने की मजबूरी में खुद ही लाश को कंधे पर रखकर रवाना हुआ तो तमाम लोगों ने इस घटना को देखकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।