नई दिल्ली (ब्यूरो)-भारत में पहली बार मिले कोरोना वायरस के बी.1.617.2 वेरिएंट को नया नाम दिया गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि B.1.617.2 डेल्टा (Delta) के नाम से जाना जाएगा जबकि यहां मिले एक अन्य वेरिएंट बी.1.617.1 को कप्पा (Kappa) नाम से जाना जाएगा। कोरोना के इन स्वरूपों की पहचान सबसे पहले अक्टूबर 2020 में भारत में हुई थी।
डब्ल्यूएचओ ने ग्रीक एल्फाबेट्स के आधार पर दुनिया के दूसरे देशों में मिले वेरिएंट्स का भी नामकरण किया है। यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब कोरोना के अलग-अलग वेरिएंट को देशों के नाम के साथ जोड़ने को लेकर विवाद हो रहा था। बी.1.617.2 को इंडियन वेरिएंट कहे जाने पर भारत सरकार ने कड़ी आपत्ति जाहिर की थी। इसके अलावा एक अन्य स्ट्रेन B.1.617.1 का नामकरण ‘कप्पा’ (Kappa) किया गया है। WHO ने नामकरण की ये नई व्यवस्था व्यापक रायशुमारी के बाद शुरू की है। भारत की तरह अन्य देशों में मिले वैरिएंट का नामकरण किया गया है। ब्रिटेन में 2020 में मिले वैरिएंट को ‘अल्फा’ कहा गया है। दक्षिण अफ्रीका में मिले वैरिएंट को ‘बीटा’ कहा जाएगा. वहीं ब्राजील में मिले वैरिएंट का नामकरण ‘गामा’ किया गया है। इसी तरह अमेरिका में मिले वैरिएंट का भी नाम रखा गया है।