नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी में रोहिणी कोर्ट के बाहर शुक्रवार सुबह हाथापाई के दौरान एक सुरक्षा गार्ड ने गोली चला दी। वकील के अनुसार, ये घटना सुबह करीब 10.00 बजे हुई। रोहिणी कोर्ट के गेट के बाहर एक वकील और एक सुरक्षा गार्ड के बीच बहस हुई। दोनों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि 2-3 और वकील वहां आ गए। सभी के बीच हो रही बातचीत ने जल्द ही एक हिंसक मोड़ ले लिया और तभी गार्ड ने गोली चला दी। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। आधिकारिक विवरण का इंतजार है।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाकर्मी नगालैंड आर्म्ड फोर्स का जवान है। शुक्रवार सुबह एक वकील कोर्ट के अंदर प्रवेश कर रहा था। इस दौरान वहां पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने जब वकील को जांच के लिए रोका तो वह बहस करने लगा। इस दौरान उस वकील ने सुरक्षाकर्मी से हथियार छीनने की भी कोशिश की। इसके बाद जवान ने जमीन पर गोली चलाई। फिलहाल पुलिस ने जवान को हिरासत में ले लिया है। सारी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।