नई दिल्ली (ब्यूरो)-देश में बेकाबू हुई कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कहर ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। एक दिन में मिलने वाले संक्रमण के मरीजों का आंकड़ा गुरुवार को दो लाख पहुंच गया है। देश में पिछले 24 घंटों में दो लाख नए कोरोना मरीज मिले हैं और 1037 मरीजों की जान चली गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई इन दिनों कोरोना के कहर से जूझ रही है। महाराष्ट्र देश में कोरोना से प्रभावित सबसे बड़ा राज्य है और मुंबई पर इसका असर है। मंगलवार को मुंबई में 8 हज़ार के करीब कोरोना के नए केस रिपोर्ट किए गए थे। वहीं आज मुंबई में कोरोना के 9 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं और 54 लोगों की मौत हुई है। गुरुवार को 1037 से ज्यादा मरीजों की जान जा चुकी है, इसी के साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 173,152 हो गई। पिछले छह महीने में एक दिन में जान गंवाने वालों का सबसे बड़ा आंकड़ा था। लोगों के मन में लाकडाऊन का डर पैदा हो गया है।
महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में भी कोरोना वायरस के मामले रोजाना नए रेकॉर्ड बना रहे हैं। बुधवार को दिल्ली में कोरोना वायरस से 17, 282 लोग संक्रमित हुए हैं, वहीं 104 लोगों की मौत हुई है। देश की राजधानी में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों ने केजरीवाल सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। कोरोना रोगियों को बेहतर और तत्काल इलाज देने के लिए कई अस्पतालों के साथ बैंक्वेट हॉल और होटलों को जोड़ा गया है, जिससे बेड की संख्या बढ़ जाए और कोविड मरीजों को भर्ती होने में परेशानी न आए।