शिमला (ब्यूरो)-हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक व मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा का निधन हो गया। वह काफी समय से अस्वस्थ थे। बताया जा रहा है वह पीजीआइ चंडीगढ़ में उपचाराधीन थे व वहां रात को उनका निधन हो गया। उनके पुत्र चेतन बरागटा ने इस संबंध में टवीट कर जानकारी साझा की। नरेंद्र बरागटा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था, वह मुख्य सचेतक थे। मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा के निधन के बाद प्रदेश सरकार ने आज प्रस्तावित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक स्थगित कर दी है।
नरेंद्र बरागटा के बेटे चेतन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मेरे पिता और हम सभी के प्रिय भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार में मुख्य सचेतक सम्मानीय नरेन्द्र बरागटा जी स्वास्थ्य से सम्बंधित लम्बे संघर्ष के बाद अपने जीवन की अंतिम लड़ाई हार गए, मेरे परिवार के सदस्यों समान समस्त समर्थकों, कार्यकर्ताओं को बड़े दुःखी मन के साथ यह खबर दे रहा हूँ कि नरेन्द्र बरागटा जी अब हमारे मध्य नहीं रहे। कोविड-19 के चलते तमाम शुभचिंतकों, समर्थकों व कार्यकर्ताओं से निवेदन रहेगा कि धैर्य और सयंम बनाएं रखें। भावभीनी एवं अश्रुपूर्ण यह पल हमारे जीवन के सबसे दुःखदायी क्षण आप सभी के साथ साँझा कर रहा हूँ।