गुजरात में भाजपा ने 52 फीसदी वोट और 156 सीट हासिल करके इतिहास रच दिया। राज्य में अब तक के चुनावों में इतना जबरदस्त बहुमत किसी भी दल को नहीं मिला। इससे पहले कांग्रेस ने 1985 में माधव सिंह सोलंकी की अगुआई में 149 विधानसभा सीटें जीती थीं। वहीं, 2002 में नरेंद्र मोदी के CM रहते भाजपा को 127 सीटें मिली थीं। भाजपा ने दोनों रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
इसके साथ ही लगातार एक दल की सातवीं जीत के रिकॉर्ड को भी छू लिया है। पहले यह कारनामा बंगाल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी कर चुकी है। वह 1977 से 2011 तक सत्ता में रही और सात विधानसभा चुनाव जीती।
भाजपा की इस जीत के पीछे हिंदुत्व, विकास का पैकेज और बाहरी बनाम भीतरी का मुद्दा भारी पड़ा। केजरीवाल ने दिल्ली मॉडल की तरह जनता से मुफ्त योजनाओं का वादा किया। लेकिन भाजपा ने इसे गुजरात के स्वाभिमान से जोड़ दिया और जनता से नकारने की अपील की, जो कामयाब रही।
भाजपा 156 सीटें जीती, कांग्रेस 17 पर सिमटी
गुजरात की 182 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 156 सीटें जीती। उसे 2017 के मुकाबले 58 सीटों का फायदा हुआ। वहीं, कांग्रेस को सबसे ज्यादा 60 सीटों का नुकसान हुआ। पार्टी ने पिछली बार 77 सीटें जीती थीं। इस बार उसे 17 सीटें ही मिलीं। पहली बार गुजरात चुनाव में उतरी आम आदमी पार्टी पांच सीटें जीतने में सफल हुई।
निर्दलीय और अन्य कैंडिडेट्स ने गुजरात में 4 सीटें जीतीं। दिलचस्प बात यह है कि चुनाव प्रचार के दौरान PM मोदी ने कहा था- नरेंद्र का रिकॉर्ड भूपेंद्र तोड़ेंगे। चुनाव नतीजों में बिल्कुल यही नजर आ रहा है।
मोदी बोले- गुजरात की जन-शक्ति के आगे सिर झुकाता हूं
गुजरात में BJP की विराट जीत के बाद PM मोदी ने गुजरात की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा- गुजरात आपका धन्यवाद। ऐसे नतीजे देखकर मैं अभिभूत हूं। लोगों ने विकास की राजनीति को अपना आशीर्वाद दिया है और यह भी बता दिया है कि वे इस विकास को और भी तेजी से जारी रखना चाहते हैं। मैं गुजरात की जन-शक्ति के आगे सिर झुकाता हूं।
उन्होंने कहा कि मैं बड़े-बड़े एक्सपर्ट को याद दिलाना चाहता हूं कि विकसित गुजरात से विकसित भारत का निर्माण होगा। गुजरात के नतीजों ने सिद्ध कर दिया है कि देश के सामने जब कोई चुनौती होती है तो जनता का भरोसा भाजपा पर होता है।
12 दिसंबर को गांधीनगर में CM पद की शपथ लेंगे पटेल
गुजरात में गुरुवार सुबह 8 बजे से पहले आधे घंटे में पोस्टल बैलेट्स की गिनती के बाद EVM से काउंटिंग शुरू हुई थी। गुजरात भाजपा प्रमुख CR पाटिल ने बताया कि 12 दिसंबर को दोपहर 2 बजे भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री पद शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।
सभी मंत्री जीते, CM बोले- जनता को भाजपा पर भरोसा
गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव का जनादेश अब स्पष्ट हो चुका है, यहां की जनता ने मन बना लिया है कि दो दशक से चली आ रही गुजरात की इस विकास यात्रा को अविरत चालू रखना है। यहां के लोगों ने एक बार फिर BJP पर अटूट भरोसा दिखाया है।