Punjab media news : पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के पटियाला स्थित घर की छत पर संदिग्ध व्यक्ति दिखा है। नौकर ने जब उसे देखकर अलार्म बजाया तो वह भाग गया। सिद्धू ने ट्वीट कर यह दावा किया है। 2 हफ्ते पहले पहले ही सिद्धू की सुरक्षा घटाई गई थी। जिस पर सिद्धू और उनकी पत्नी आप सरकार पर भड़के थे। पत्नी डॉ. नवजोत कौर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को चेतावनी दी थी कि अगर उनके पति को कुछ होता है तो वह सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।
मामला बीते दिन शाम को सामने आया। नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर लिखा कि मेरे घर की छत पर ग्रे कंबल में लिपटे एक अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति को लगभग शाम 7 बजे देखा गया, जैसे ही मेरे नौकर ने अलार्म बजाया और मदद के लिए पुकारा तो वह तुरंत भाग गया। पंजाब पुलिस के DGP से बात की है और SSP पटियाला को भी सूचित कर दिया गया है।
उन्होंने आगे लिखा कि यह सुरक्षा चूक मुझे पंजाब के लिए आवाज उठाने से नहीं रोक पाएगी।
1 अप्रैल को आए जेल से बाहर
नवजोत सिंह सिद्धू 1 अप्रैल को 1988 के रोडरेज मामले में पटियाला की जेल में 317 दिनों तक रहने के बाद रिहा हुए हैं। इसके बाद उन्होंने राज्य की आप सरकार और केंद्र की बीजेपी सरकार दोनों पर जमकर निशाना साधा था। सिद्धू ने बाहर आते ही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर निशाना साधा था और उन्हें एक कमजोर मुख्यमंत्री बताया है। CM भगवंत मान को अखबारी CM कहा था। सिद्धू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कानून-व्यवस्था के बहाने पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाना चाहती है।
जेल से आते ही थे बोले- एक सिद्धू मरवा दिया दूसरे को मरवा दो
सिद्धू ने कहा था कि भगवंत मान ने पंजाब में सपने और झूठ बेचा। पंजाबियों को मूर्ख बनाया। आज वह अखबारी मुख्यमंत्री बनकर बैठ गया है। मेरी सिक्योरिटी विदड्रॉ करने की बात की। एक सिद्धू मरवा दिया, 2 और मरवा दो, मैं डरता नहीं हूं। बरगाड़ी बेअदबी पर मैंने कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाया, उसके इंसाफ का क्या हुआ?। रेत और शराब से 60 हजार करोड़ की कमाई कहां गई?।