Punjab media news : पंजाब के जिला लुधियाना में नीची मंगली एरिया में आज सेहत विभाग द्वारा एक घर पर दबिश दी गई। टीम के सदस्यों ने छापामारी करके 2 महिला सहित एक व्यक्ति को टेस्ट करते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। व्यक्ति पर आरोप है कि उसने अपने घर पर ही लिंग निर्धारण टेस्ट की अल्ट्रासाउंड मशीन लगा रखी थी। पकड़े गए आरोपी पर पहले भी करीब 3 मामले लुधियाना के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।
आरोपी की पहचान मनमोहन पाल शर्मा निवासी जनकपुरी के रूप में हुई है। आरोपी ने महानगर में कई एजेंट्स रखे हुए थे। एजेंट की मदद से आरोपी ग्राहकों को स्कैन सेंटर तक लाता था। आरोपी पर 2017 में पहला मामला मॉडल टाउन थाने में दर्ज हुआ। इस दौरान 2 साल बाद आरोपी पर दूसरा मामला थाना सदर में 2019 में पुलिस ने दर्ज किया।
विभाग की टीम ने आरोपी से 12 हजार नगदी भी बरामद की
आरोपी मनमोहन पाल पर तीसरा मामला थाना डिवीजन नंबर छह में 2020 में दर्ज हुआ। इस दौरान 2022 के फरवरी महीने में जमानत पर आने के बाद आरोपी फिर से अल्ट्रासाउंड का काम करने लगा। सेहत विभाग टीम को आरोपी से 12000 नगदी भी बरामद हुई।
डॉक्टर को रिश्वत भी देने की हुई कोशिश
रेड करने आई टीम के डॉ. हरप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपी मनमोहन पाल ने उन्हें 5 लाख रुपए रिश्वत के देने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनके ड्राइवर के पास कुछ नगदी भी पहुंचाई है। सेहत विभाग की टीम ने थाना फोकल पॉइंट की पुलिस को सूचित किया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।