Punjab media news :पंजाब के रोपड़ (रूपनगर) जिले में कर्मचारियों ने स्थानीय विधायक दिनेश चड्ढा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों का आरोप है कि विधायक ने तहसील दफ्तर में लोगों के सामने उन्हें जलील किया। रजिस्ट्रेशन का सारा रिकॉर्ड दबावा बनाकर अपने निजी दफ्तर में गैर-कानूनी तरीके से मंगवाया। DC ऑफिस, तहसील कर्मचारियों, मिनिस्ट्रियल स्टाफ यूनियन ने कहा है कि इसके लिए विधायक तुरंत माफी मांगें।
इसी बीच विधायक ने कर्मचारियों को काउंटर करने के लिए अपने समर्थकों के माध्यम से एक प्रेस रिलीज जारी करवाई है, जिसमें कहा गया है कि विधायक चड्ढा की भ्रष्टाचार के खिलाफ यह एक अच्छी पहल है। साथ ही कहा है कि जिन कर्मचारियों ने विधायक के खिलाफ हड़ताल की घोषणा की है, वह गैर-कानूनी और असंवैधानिक है। जनप्रतिनिधि को जनहित में सार्वजनिक संस्थानों की चैकिंग का पूरा अधिकार है।
सिविल सोसाइटी ने कहा- भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच गलत कैसे
विधायक के समर्थन में उतरी सिविल सोसाइटी ने कहा है कि यदि कोई विधायक भ्रष्टाचार को लेकर मिल रही शिकायतों की जांच के लिए तहसील में जाता है तो वह गलत कैसे है। सोसाइटी ने आरोप लगाया कि तहसील में लोगों को अपने काम करवाने के लिए परेशान होना पड़ता है और भ्रष्टाचार के माध्यम से कुछ ले-देकर काम करवाने पड़ते हैं। विधायक ने कुछ भी गलत नहीं किया है।
सिविल सोसाइटी के सदस्यों गोपाल गौशाला के पूर्व अध्यक्ष प्रेम कपूर, ललित सूद, योगेश मोहन पंकज, अमरदीप ऋषि, राजिंदर सिंह, केएल चोपड़ा, संदीप कुमार, जसविंदर सिंह जस्सी, शिव कुमार सैनी, सुरिंदर सिंह बबानी, गुरप्रीत सिंह हीरा, अवतार कृष्ण ने कहा कि एडवोकेट दिनेश चड्ढा ने जनहित में भ्रष्टाचार के खिलाफ ठोस पहल की है। भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शीघ्र ही भ्रष्टाचार के मामले सार्वजनिक किए जाएंगे।