Punjab media news : पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड द्वारा आज मोहाली में पराली प्रबंधन के लिए वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। यह वर्कशॉप होटल रेडिसन में सुबह करीब साढ़े 9 बजे शुरू होगी। इसमें केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव शामिल होंगे। पंजाब के CM भगवंत मान और हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्टर भी वर्कशॉप में पहुंचकर पराली प्रबंधन पर विचार-विमर्श करेंगे।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर भी वर्कशॉप में शामिल होंगे। इस दौरान पंजाब-हरियाणा में पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण समेत अन्य समस्याओं से निपटने के लिए गहन मंथन किया जाएगा। पंजाब और हरियाणा में हर साल पराली जलाने के अनेकों मामले सामने आते हैं। इसका असर दोनों प्रदेशों के अलावा चंडीगढ़ और दिल्ली तक पड़ता है।
साल 2022 में पराली जलाने की 49,907 घटनाएं रिकॉर्ड
पंजाब पर सालों से पराली प्रबंधन नहीं करने के आरोप लगते रहे हैं। वायु प्रदूषण अधिक बिगड़ने के कारण इस मुद्दे पर लंबे समय से राजनीति भी हो रही है। हरियाणा, पंजाब और दिल्ली तक इस समस्या का अधिक असर रहता है।
वहीं पंजाब के कैबिनेट एवं पर्यावरण मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने साल 2022 में प्रदेश में पराली जलाने के मामलों में 30 प्रतिशत गिरावट रिकॉर्ड होने का दावा किया था। उन्होंने साल 2021 में पराली जलाने की कुल 71,304 घटनाएं रिकॉर्ड होने और साल 2022 में 49,907 घटनाएं रिकॉर्ड होने की बात कही थी। पंजाब सरकार द्वारा अगले 2 वर्ष में पराली जलाने की समस्या के स्थाई समाधान का दावा भी किया गया है।