Punjab media news : पंजाब के रूपनगर जिले में मोरिंडा के कोतवाली साहिब गुरुद्वारे में बेअदबी के आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार देर रात मौत हो गई। मृतक की पहचान जसवीर सिंह के तौर पर हुई। वह मानसा की तमकोट जेल में बंद था। 4 दिन पहले 29 अप्रैल को ही जसवीर सिंह को रूपनगर से मानसा जेल में शिफ्ट किया गया था।
जसवीर सिंह को सोमवार शाम अचानक मानसा के सिविल अस्पताल लाया गया था। वहां उसका इलाज चल रहा था, तभी अचानक डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल विभाग का कहना है कि जसवीर सिंह की छाती में दर्द उठा था और उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। जिसके बाद जेल प्रशासन तुरंत उसे अस्पताल लेकर गया था।
जसवीर ने रात 9:10 पर तोड़ा दम
सिविल अस्पताल के डॉक्टर्स का कहना है कि शाम 4.10 बजे आरोपी जसवीर सिंह को सिविल अस्पताल लाया गया था। उसकी छाती में दर्द था। 8 बजे उसकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन रात 9:10 बजे उसने दम तोड़ दिया।
जसवीर पर कोर्ट में तानी थी पिस्तौल
चार दिन पहले ही मृतक जसवीर सिंह पर कोर्ट में पेशी के दौरान हमला हुआ था। पुलिस जसवीर सिंह को कोर्ट लेकर पहुंची थी। इसी दौरान एक वकील ने उस पर पिस्तौल तान दी थी। जिसके बाद भीड़ इधर-उधर भागने लगी और पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी वकील को पकड़ लिया था। इसके बाद कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था और जसवीर सिंह को मानसा जेल में शिफ्ट कर दिया गया।