Punjab media news : आगामी विधानसभा चुनावों और 2024 के आमचुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अंतिम कोने तक पहुंचने की तैयारी की है। भारत जोड़ो यात्रा पूरी कर चुकी कांग्रेस जहां हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चला रही है। वहीं, बजट घोषणाओं के व्यापक प्रचार के लिए भाजपा देशभर में कार्यक्रम कर रही है।
इस क्रम में किसानों तक बजट घोषणाएं पहुंचाने और उनके बीच पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा 24 फरवरी से देशव्यापी अभियान शुरू करेगी। एक साल चलने वाले अभियान का लक्ष्य एक लाख गांवों में पदयात्रा निकालकर एक करोड़ किसानों तक पहुंचना है।
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने बताया, बजट में सरकार ने ऑर्गेनिक खेती और श्रीअन्न (मोटे अनाज) पर काफी फोकस किया है। बजटीय घोषणाओं की किसानों तक पहुंचाने के लिए 6 से 12 फरवरी तक देशभर में किसान चौपाल होगी।
13 फरवरी को दिल्ली में किसान मोर्चा, सोशल मीडिया और प्राकृतिक खेती से जुड़ी टीम की ट्रेनिंग होगी। राज्यों में भी प्रशिक्षण पूरा होने के बाद एक लाख गांवों में जनजागरण यात्रा निकालेंगे। किसान सम्मान निधि के चार वर्ष पूरा होने पर 24 फरवरी को सभी जिलों में लाभार्थियों से संवाद और संपर्क होगा। किसानों को नदियों के किनारे आर्गेनिक खेती से जोड़ने का अभियान चलेगा।
सभी प्रमुख नदियों के किनारे पदयात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत इस महीने के अंत या मार्च के पहले हफ्ते में यूपी के मुजफ्फरनगर के शुक्रताल में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे। सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक 29-30 जनवरी को हुई किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में यह आकलन सामने आया कि मिशन 2024 के लिए किसानों तक सक्रियता से पहुंच बनाना जरूरी है।
हाल ही में वाराणसी में संपन्न हुए तमिल संगमम कार्यक्रम की तर्ज पर भाजपा उत्तर भारत के कार्यर्ताओं और नेताओं को दक्षिण के प्रसिद्ध स्थानों का दौरा कराएगी। इसमें भाजपा नेता सांस्कृतिक, धार्मिक और आर्किटेक्चर के तौर प्रसिद्ध स्थानों का भ्रमण करेंगे। वहां, स्थानीय लोगों से संवाद, यात्रा और धर्मस्थलों पर दर्शन-पूजन करेंगे। इसका मकसद उत्तर और दक्षिण के बीच बांडिंग को और मजबूती देना है।
आंध्र में नारा लोकेश 4000 किमी युव गलम यात्रा पर
आंध्र प्रदेश में जगनमोहन रेड्डी को चुनौती देने के लिए टीडीपी और अभिनेता से नेता बने पवन कल्याण की पार्टी जन सेना साथ आई है। कल्याण प्रदेश की यात्रा पूरी कर चुके हैं। वे चाहते हैं कि चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता वाली टीडीपी फिर एनडीए में वापस हो, हालांकि भाजपा इस पर कुछ नहीं बोल रही है। दूसरी ओर, टीडीपी महासचिव और नायडू के बेटे नारा लोकेश 4,000 किमी लंबी युव गलम यात्रा पर निकले हैं। शुक्रवार को 8वें दिन यात्रा बंगरुपालयम पहुंची। जहां पुलिस ने उनके वाहन को भी जब्त कर लिया।
कर्नाटक में प्रजाध्वनि यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चला रही है। कांग्रेस मीडिया सेल के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने बताया- इस अभियान में केंद्र सरकार के खिलाफ एक पेज की चार्जशीट लोगों तक पहुंचाई जा रही है। कर्नाटक में 11 जनवरी से शुरू हुई प्रजाध्वनि यात्रा का पहला चरण पूरा हो गया। शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने मुलबगल से और पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने उत्तर कर्नाटक में बसवकल्याण से यात्रा शुरू की। तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष ए. रेवंत रेड्डी सोमवार से यात्रा शुरू करेंगे।