Punjab media news : पंजाब में सर्दी का सीजन लगभग एक हफ्ते का रह गया है। मार्च के दूसरे हफ्ते तक सामान्य स्तर की ठंडक रहती है लेकिन इस बार 2 हफ्ते पहले ही दिन का टेंपरेचर शीर्ष पर पहुंच गया। फरवरी के महीने में गर्म हो चलेे मौसम ने 3 सप्ताह बाद करवट ली है। पंजाब, हरियाणा के कई जिलों में शनिवार को गहरा कोहरा देखने को मिला। संगरूर, पटियाला, फाजिल्का, फिरोेजपुर, फरीदकोट समेत कई जिलों में धुंध पड़ी। शनिवार को अधिकतम तापमान लुधियाना में सबसे अधिक 30 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बाकी के जिलों में अभी 27 से लेकर 29 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है जो सामान्य से 6-7 डिग्री तक अधिक है। बठिंंडा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज हुआ।
वहीं हरियाणा में मौसम में बदलाव के चलते कोहरा लौटने से शुक्रवार रात को गहरी धुंध के कारण कई सड़क हादसे हुए। करनाल, जींद, कैथल व पानीपत में हुए हादसों में 2 दर्जन से अधिक वाहन टकरा गए। इससे 4 लोगों की माैत व 22 लोग घायल हो गए। हादसों में सर्वाधिक 3 मौत करनाल में हुई तो जींद में एक मौत व 14 घायल हो गए। करनाल में इंद्री में दो हादसे और असंध में एक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। दोनों राज्यों के कई जिलों में सुबह 10 बजे तक कोहरा रहा।
रात का तापमान गिरने से छाई धुंध
हिमालय में हुई बर्फबारी के बाद हवा का लो प्रेशर खत्म होने लगा। इससे मैदानी इलाकों में रात का टेंपरेचर गिरा है। इससे सुबह धुंध रही। 9 बजे के बाद धूप ने जोर पकड़ा तथा खूब गर्माहट रही। अब टेंपरेचर में बढ़त दर्ज होगी। 22 फरवरी तक मौसम खराब रहेगा जबकि दिन के समय तेज धूप देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, इस माह के अंतिम दिनों में बूंदाबांदी की उम्मीद है।
पहाड़ भी गर्म… शिमला में न्यूनतम तापमान ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड
शिमला में फरवरी में न्यूनतम तापमान ने 8 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। शुक्रवार रात शिमला में तापमान 14.4° रहा। इससे पहले 2015 में रात का पारा 14.2° पहुंचा था। शनिवार को सोलन में फरवरी के दौरान दो साल बाद सबसे ज्यादा अधिकतम पारा 29.5° दर्ज हुआ।
गेहूं व आलू पर असर…फरवरी में ही बढ़ती गर्मी के चलते गेहूं, आलू की फसल पर असर पड़ने लगा है। आलू की फसल खराब होने के आसार हैं जबकि गेहूं की फसल जल्द पक जाएगी। जिस कारण दाना पतला रहेगा। ऐसे में पैदावार कम होने की आशंका है।