Punjab media news : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। पैतृक गांव बादल में गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे सुखबीर बादल ने उन्हें मुखाग्नि दी। गांव के श्मशान घाट में जगह कम होने की वजह से उनका उनके ही किन्नुओं के बाग वाले खेत में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
इससे पहले सुबह घर में पार्थिव देह को अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया। यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पंजाब के CM भगवंत मान, गवर्नर बीएल पुरोहित, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, NCP चीफ शरद पवार भी शोक जताने पहुंचे।
95 साल के प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार रात करीब पौने 8 बजे मोहाली के अस्पताल में निधन हो गया था। उन्हें सांस की तकलीफ के बाद यहां भर्ती कराया गया था। वे पंजाब के 5 बार CM रहे। बादल जीवन में कुल 11 बार विधायक बने। वह एक बार मलोट, 5 बार गिदड़बाहा और 5 बार लंबी विधानसभा सीट से जीते। 75 साल के सियासी जीवन में बादल सिर्फ दो चुनाव 1967 और 2022 में हारे।