Punjab media news : पंजाब के सरहदी इलाकों का दौरा करने पर आम आदमी पार्टी के मंत्रियों द्वारा सवाल उठाने पर राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने जवाब दिया है। गवर्नर ने कहा- मंत्री क्या बोलते हैं, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। इसके पीछे राजनीतिक कारण हो सकते हैं। मैं राजनीति नहीं करता। मैं अपना काम कर रहा हूं। जहां अच्छे काम होते हैं, मैं वहां पुलिस व प्रशासन की तारीफ भी करता हूं। जहां कमी दिखेगी, मैं बोलूंगा। चाहे किसी को अच्छा लगे या बुरा।
गौरतलब है कि गवर्नर के सरहदी इलाकों के दौरे पर निकलने के बाद AAP मंत्रियों ने सवाल खड़े किए थे। उन्होंने इसे गवर्नर का काम नहीं बताया था। यह सवाल गवर्नर के पहले पंजाब बॉर्डर एरिया के दौरे के समय भी उठते रहे हैं। लेकिन पहली बार उन्होंने इसका जवाब दिया है।
बॉर्डर को मजबूत करने की कोशिश
गवर्नर ने बताया कि यह उनका ऑफिशियल चौथा व अन-ऑफिशियल 5वां दौरा है। इस दौरान जो-जो निर्णय लिए गए, उसका अब असर दिखने लगा है। पंजाब का गवर्नर बनने के बाद उनकी सबसे पहली कोशिश पाकिस्तान बॉर्डर को मजबूत करने की थी, ताकि पाकिस्तान की हरकतों को रोका जा सके। 5 बार यहां आने के बाद सबसे पहले बॉर्डर एरिया के लोगों व सरपंचों से मिले, ताकि सरहद की दिक्कत को समझा जा सके।
बॉर्डर पर हर समय तैनात रहने वाली बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के अलावा आर्मी, स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी NIA के बीच समन्वय बनाया गया। इसके परिणाम अब देखने को मिले। बीते कुछ समय से बॉर्डर पर ड्रोन को गिराने की संख्या में इजाफा हुआ है। यह एक बड़ी सफलता है।