Punjab media news : देश के 8 राज्यों में मंगलवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और हमीरपुर 44.2 डिग्री तापमान के साथ सबसे ज्यादा गर्म रहे। ओडिशा के बारीपाड़ा और झारसुगुड़ा में भी इतना ही तापमान दर्ज किया गया। देश के 48 मौसम केंद्रों पर तापमान 42 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया।
मंगलवार को दिल्ली, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और राजस्थान के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा।
नॉर्थ-वेस्ट इंडिया में 2-4 डिग्री तक कम होगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न हिमालय रीजन में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। इसके चलते नॉर्थ-वेस्ट इंडिया में बारिश होगी, जो 21 अप्रैल तक चल सकती है। इससे अगले दो दिन में तापमान में 2-4 डिग्री की कमी आ सकती है और उसके बाद 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की बारिश
आज दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है। इन राज्यों में पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। अगले 4 दिनों में महाराष्ट्र के भी कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है और सेंट्रल महाराष्ट्र में ओले गिर सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को मौसम सुहाना रहा। यहां कई जिलों में बारिश और बर्फबारी हुई। जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भी मंगलवार को बारिश हुई। बुधवार तड़के सुबह मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बादल गरजे।
केंद्र ने राज्यों से वर्कर्स का ध्यान रखने को कहा
बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर वर्कर्स और मजदूरों के लिए गर्मी से बचाव के इंतजाम करने के लिए कहा है। राज्यों से कहा गया है कि वे इंडस्ट्रीज और कंस्ट्रक्शन कंपनियों को वर्कर्स को ठंडा पानी उपलब्ध कराने, ORS और गर्मी से होने वाली बीमारियों की दवाइयां रखने के निर्देश दें। साथ ही जरूरत पड़ने पर काम का समय भी बदलें।