दिल्ली(Pmn)आज की ताजा खबर (Aaj ki Taaja Khabar): रूस ने यूक्रेन के कुछ शहरों में सीजफायर का ऐलान किया।यूक्रेन से भारत लौटे मेडिकल छात्र को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी। यूक्रेन पर रूसी हमलों को देखते हुए अब सिंगापुर ने भी रूस पर आर्थिक प्रतिबंधों का ऐलान किया। दिल्ली की एक अदालत ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE)की पूर्व चीफ चित्रा रामकृष्ण की अग्रिम जमानत याचिका खारिज की। मोहाली टेस्ट मैच में भारत का दबदबा कायम। पहली पारी में भारत का स्कोर 500 के पार। पढ़ें 05 मार्च 2022 की ताजा खबरें (Latest News in Hindi) और हिंदी समाचार
05 मार्च 2022 ताजा खबर: आप सुन रहे हैं दिनभर की बात, डेली न्यूजकास्ट। इस वक्त की बड़ी सुर्खियां हैं, रूस का यूक्रेन के शहरों में सीजफायर का ऐलान। सिंगापुर ने भी रूस पर प्रतिबंधों की घोषणा की।
इन खबरों को विस्तार से सुनेंगे, लेकिन उससे पहले बात करते हैं आज के सबसे बड़े मुद्दे की। आज का सबसे बड़ा मुद्दा है, ‘क्या रूस से हथियार खरीदने पर अमेरिका भारत पर प्रतिबंध लगा देगा?’ इस बारे में बात करने के लिए हमारे साथ हैं, पूर्व राजनयिक विष्णु प्रकाश।
यूक्रेन के कुछ शहरों में सीजफायर का ऐलान
रूस ने यूक्रेन के कुछ शहरों में सीजफायर का ऐलान किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें मारियुपोल और वोल्नोवाखा शहर शामिल हैं। विदेशी लोगों को बाहर निकालने के लिए सीजफायर की घोषणा की गई है। रूस के राजदूत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को बताया है कि वह यूक्रेन से भारतीय छात्रों और अन्य विदेशी नागरिकों को निकालने के लिए तैयार है।
यूक्रेन से भारत लौटे मेडिकल छात्र को बड़ी राहत
यूक्रेन से भारत लौटे मेडिकल छात्र को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। विषम परिस्थितियों के कारण अपनी इंटर्नशिप अधूरी छोड़कर देश आने वाले फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स, स्क्रीनिंग टेस्ट पास करने के बाद अपनी इंटर्नशिप भारत में पूरी कर सकते हैं। देश के मेडिकल रेग्यूलेटरी बॉडी नेशनल मेडिकल कमीशन ने सर्कुलर जारी कर इसकी जानकारी दी है।
सिंगापुर ने भी लगाए रूस पर आर्थिक प्रतिबंध
यूक्रेन पर रूसी हमलों को देखते हुए अब सिंगापुर ने भी रूस पर आर्थिक प्रतिबंधों का ऐलान किया। सिंगापुर के विदेश मंत्रालय ने रूसी सेंट्रल बैंक और कुछ अन्य रूसी बैंकों पर प्रतिबंध लगाए हैं। साथ ही यूक्रेन में रूसी सैन्य अभियान को लेकर देश को निर्यात पर भी रोक लगाई गई। उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की आज अमेरिकी सीनेट को संबोधित करेंगे। रूस के लगातार जारी हमले के बीच ज़ेलेंस्की सीनेटरों से वर्चुअली बात करेंगे।