Punjab media news : पंजाब कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू AAP और अरविंद केजरीवाल का समर्थन करते नजर आए हैं। उन्होंने दिल्ली ऑर्डिनेंस पर कांग्रेस के स्टैंड को लेकर अपनी सहमति जाहिर की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गवर्नर और लेफ्टिनेंट गवर्नर चुने हुए नुमाइंदों को अपनी कठपुतली नहीं बना सकते।
पंजाब कांग्रेस के अनुसार, वह आम आदमी पार्टी के साथ जाने के सख्त खिलाफ है, लेकिन इसी बीच पंजाब कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी की राय के खिलाफ दिल्ली ऑर्डिनेंस पर AAP का साथ दिया है।
दरअसल, दिल्ली सरकार की शक्तियों को लेकर उप-राज्यपाल (LG) और AAP सरकार के बीच टकराव जारी है। AAP द्वारा केंद्र सरकार द्वारा लाए गए ऑर्डिनेंस का सख्त विरोध किया जा रहा है। ऑर्डिनेंस पर AAP को कांग्रेस का समर्थन मिला है।
सिद्धू ने कहा- LG सरकार को नहीं दे सकते हिदायत
नवजोत सिंह सिद्धू ने मीडिया के साथ बातचीत के दौरान दिल्ली ऑर्डिनेंस पर अपनी सहमति प्रकट की है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल और लेफ्टिनेंट गवर्नर चुने हुए नुमाइंदों को अपनी कठपुतली नहीं बना सकते। दोनों इस देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को गुलाम नहीं बना सकते।
सिद्धू ने कहा कि LG किसी भी चुनी हुई सरकार को हिदायत नहीं दे सकते। उन्होंने केंद्र सरकार के ऑर्डिनेंस के विरोध में कहा कि यदि यह सरकार रही तो देश नहीं रहेगा, देश का लोकतंत्र नहीं रहेगा।