Punjab media news : पंजाब के भुलत्थ से कांग्रेसी विधायक सुखपाल खैहरा के ट्विटर अकाउंट को मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने ब्लॉक कर दिया है। मंत्री धालीवाल की तरफ से सुखपाल खैहरा पर लगाए गए आरोपों के बाद दोनों में जवाबी जंग बढ़ती जा रही है। वहीं अब विधायक खैहरा ने पंजाब विधानसभा स्पीकर को मंत्री धालीवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग रख दी है।
गौरतलब है कि मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा पर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि खैहरा के रिश्तेदारों ने गांव की 10 एकड़ जमीन को कब्जे में ले रखा है। जिसे जल्द छुड़ाया जाए और वह खुद विधायक खैहरा को उस जमीन की फाइल सौंप रहे हैं। जिसके बाद दोनों के बीच जवाबी जंग शुरू हुई थी। विधायक खैहरा ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया। जिस पर मंत्री धालीवाल ने जवाब देते हुए कहा कि वह न तो ट्विटर को जानते हैं और ना ही वह ट्वीट करते हैं।
झूठ बोलने पर स्पीकर करें कार्रवाई
विधायक खैहरा ने जानकारी दी कि मंत्री धालीवाल का ट्विटर पर अकाउंट भी है और वह ट्वीट भी करते हैं। बीते दिन ही उन्होंने 4 ट्वीट भी किए। उन्होंने विधानसभा में अपने बारे में गलत जानकारी दी है। जिसके बाद विधानसभा स्पीकर को उन पर कार्रवाई करनी चाहिए।
मंत्री धालीवाल ने खैहरा को किया ब्लॉक
इसके साथ ही विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने एक और आरोप मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल पर लगा दिया है। उनका कहना है कि ट्विटर मुद्दे पर झूठ बोलने के बाद मंत्री धालीवाल ने अब उन्हें ट्विटर पर ब्लॉक भी कर दिया है।
सुखपाल खैहरा का कहना है कि कल कुलदीप धालीवाल मंत्री ने ट्विटर का उपयोग करने के लिए उनका मजाक उड़ाया और दावा किया कि उन्हें नहीं पता कि ट्विटर क्या है। ऐसा करके मुख्यमंत्री भगवंत मान के घमंडी साथी ने विधानसभा को गुमराह किया, क्योंकि उन्होंने न केवल ट्विटर पर एक खाता बनाया है बल्कि विपक्ष द्वारा आलोचना से बचने के लिए उन्हें ब्लॉक कर दिया है।