Punjab media news : पंजाब में लगातार दस साल तक सत्ता सुख भोगने के बाद अब लगातार विधानसभा चुनाव में दूसरी बार हार का मुंह देखने वाला शिरोमणि अकाली दल बिखरने लगा है। पार्टी के साथ लंबे समय से जुड़े नेता धीरे-धीरे छिटकने लगे हैं। इसकी चिंता अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सताने लगी है। सुखबीर बादल के साथ-साथ उनकी पत्नी हरसिमरत कौर लगातार दौरे कर रहे हैं।
इसी क्रम में आज हरसिमरत कौर बादल जालंधर में आ रही हैं। वह कार्यकर्ताओं के घरों में जाकर बैठकें करेंगी। जालंधर में सांसद संतोख चौधरी के निधन के बाद लोकसभा उपचुनाव होने जा रहा है। इसके लिए वह कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगी, लेकिन जमीनी हकीकत यह भी है कि पिछले दिनों पार्टी प्रधान सुखबीर बादल भी जालंधर आए थे, पर वह भी पार्टी को टूटन से बचा नहीं पाए।
दोपहर को आकर करेंगी बैठकें, शाम को माथा टेकेंगी
सांसद हरसिमरत कौर जालंधर में दोपहर को दो बजे पहुंचेगी। दोपहर को पहले वह बशीरपुरा में आएंगी, वहां पर कार्यकर्ताओं से मीटिंग करने के बाद वह अजीत नगर में जाएंगी। दोपहर बाद उनका कार्यक्रम शहर के आउटर पार्ट में अमृतसर बाइपास के साथ लगती कालिया कॉलोनी का है। शाम को वह सिद्ध बाबा सोढल मंदिर और गुरुद्वारा सोढल छावनी निहंग सिंह में नतमस्तक होंगी।
पार्टी का प्रत्याशी ही आम आदमी पार्टी में शामिल हो गया
विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार हार के बाद कार्यकर्ताओं खासकर पदाधिकारियों का हौसला टूट गया है। वह अपनी पार्टी को छोड़कर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर अपना भविष्य तलाश रहे हैं। शिरोमणि अकाली दल को लगातार झटके पर झटके मिल रहे हैं। जालंधर नॉर्थ से पार्टी के प्रत्याशी रहे कुलदीप लुबाना ने भी पिछले दिनों बाय-बाय बोल दिया।
कुलदीप लुबाना ने तकड़ी को छोड़ कर झाड़ू हाथ में थाम लिया और आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इससे पहले शहर के पूर्व डिप्टी मेयर भाटिया ने पार्टी को अलविदा कहा था। उन्होंने तो पार्टी में पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर एक लंबी चौड़ी चिट्ठी भी पार्टी के प्रधान सुखबीर बादल को लिखी थी।