Punjab media news : रोपड़ आईआईटी में युवा महोत्सव का आगाज करने के लिए आए केंद्रीय युवा-खेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी पर तंज कसे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 2 दिन के लिए पुलिस मांगने वालों ने देखो पंजाब में एक साल पुलिस का क्या हाल बनाकर रख दिया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार कानून व्यवस्था को कायम रखने में पूरी तरह से विफल रही है। राजनीतिक नकारेपन के चलते राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। दूसरों पर सवाल उठाने वाले अब बताएं कि पंजाब में फैली इस अराजकता के लिए जिम्मेदार कौन है। अब तो केजरीवाल के पास पुलिस भी अपनी है और सारा प्रबंधन भी उनके हाथ में है।
पंजाब की चर्चा पहले पूरे देश में होती थी
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सबके सामने है कि पंजाब एक साल में ही क्या हो गया है। पंजाब की चर्चा पहले पूरे देश में होती थी। पंजाब के उदाहरण दिए जाते थे, अब चर्चा किसी और ही दिशा में चली गई है। यहां पर जो घटनाएं घटित हुई हैं वह अपने आप में किस तरफ संकेत करती हैं, सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था परिवर्तन नहीं बल्कि व्यवस्था का चरचमरा जाना है।