Punjab media news : रूस की प्राइवेट आर्मी- वैगनर ग्रुप ने दावा किया है कि उन्होंने यूक्रेन के बखमुत शहर पर कब्जा कर लिया है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने अर्मी को बधाई दी है। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा- वहां कुछ नहीं बचा है, शहर पूरी तरह से तबाह हो चुका है।
20 मई को वैगनर के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन (Yevgeny Prigozhin) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया था कि उन्होंने बखमुत कब्जा लिया है। हालांकि, तब यूक्रेन ने इस दावे को खारिज कर दिया था। अगस्त 2022 से इस शहर में रूसी और यूक्रेनी सेना के बीच लड़ाई जारी थी, ये पिछले 3 महीने से तेज हो गई थी।
BBC ने व्हाइट हाउस के हवाले से एक रिपोर्ट में कहा कि बखमुत में जंग के दौरान 20-30 हजार रूसी सैनिक जान गवां चुके हैं।
24 फरवरी 2022 से जारी है जंग
रूसी सैनिकों ने यूक्रेन पर 24 फरवरी 2022 को हमला कर दिया था। इसके पीछे व्लादिमिर पुतिन का मकसद एक ही था- यूक्रेन पर कब्जा। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को ये मंजूर नहीं था, लिहाजा आज 452 दिन बाद भी ये जंग जारी है।
इस जंग में दोनों देशों को काफी नुकसान हुआ। इंफ्रास्ट्रक्चर और मिलिट्री इक्यिपमेंट्स तबाह हुए। पुख्ता आंकड़े तो नहीं हैं, लेकिन माना जाता है कि इस जंग में दोनों तरफ के हजारों सैनिक मारे जा चुके हैं।
अब तक यूक्रेन के 6 शहरों पर रूसी कब्जा…
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने ब्लैक सी ट्रेड रूट के ज्यादातर हिस्से पर कब्जा कर लिया है। इसके अलावा जंग की शुरुआत से अब तक रूस ने यूक्रेन की 18% जमीन पर कब्जा किया है। इस जमीन पर यूक्रेन के 6 बड़े शहर- सेवेरोडोनेट्स्क, डोनेट्स्क, लुहांस्क, जपोरिजिया, मारियुपोल और मेलिटोपोल बसे हैं। ये शहर यूक्रेन की इकोनॉमी को कंट्रोल करते हैं। वहीं, बखमुत 7वां शहर है जहां रूस का कब्जा हो चुका है।