Punjab media news : पंजाब के फिरोजपुर जिले के मक्खू कस्बे के नजदीकी गांव खन्ना में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। बाबा दादूशाह दरगाह के सेवादार गोरा सिंह की अज्ञात लोगों द्वारा हत्या कर दी गई है। मृतक का खून से सना शव मिला है। पास ही दातर पड़ी मिली। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।
दरगाह पर ही कमरे में रहता था सेवादार
सेवादार के बेटे हरदीप सिंह ने बताया कि उसके पिता पिछले 25 सालों से दरगाह की सेवा कर रहे थे और इसी स्थान पर बने कमरे में वह रहते थे। सोमवार रात वह साढ़े 9 बजे घर से खाना खाकर दरगाह पर सोने के लिए गए थे। सुबह होने पर वह काम पर जाने से पहले वह पिता से मिलने गया।
कमरे में पड़ा मिला खून से लथपथ शव
हरदीप के अनुसार, पिता कहीं नहीं दिखे तो वह कमरे में गया, लेकिन वहां पिता का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। उनके शरीर के कई हिस्सों पर जख्म थे। शव के पास ही तेजधार दातर पड़ी थी, जो खून से सनी थी। इसकी सूचना उसने तुरंत गांव के पूर्व सरपंच करम सिंह व भाई जोगा सिंह को दी।
अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
हरदीप के अनुसार, जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। थाना मक्खू के प्रभारी जितेन्द्र सिंह भी मौके पर दलबल के साथ पहुंचे और आसपास छानबीन करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस द्वारा अज्ञात हत्यारों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।