Punjab media news : दिल्ली के गुलाबी बाग इलाके में कुछ लुटेरे घर के बाहर टहल रही महिला जज का बैग छीनकर और उन्हें धक्का देकर फरार हो गए थे। जिससे वह गिर गईं और उनके सिर पर काफी चोटें आईं। मामला 6 मार्च का है। हालांकि CCTV की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घर के बाहर बेटे के साथ टहल रही थी महिला
पुलिस ने बताया कि महिला के बयानों के मुताबिक महिला जज रचना तिवारी गुलाबी बाग इलाके के DA फ्लैट्स के बाहर रात में करीब 10 बजे अपने 12 साल के बेटे के साथ टहल रही थी। तभी दो बाइक सवार युवक आए और जज का बैग छीनकर उन्हें धक्का देकर भाग गए। उनके बेटे ने पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और जज को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
वारदात में शामिल आरोपी पर पहले से 10 केस दर्ज
महिला ने बताया कि उनके बैग में लगभग 10 हजार रुपए, ATM और कुछ डॉक्यूमेंट थे। वहीं पुलिस ने CCTV की मदद से आरोपियों को पकड़ लिया है। उनके पास से 4 हजार कैश और ATM कार्ड बरामद किए गए हैं। आरोपियों के नाम दिलशाद और राहुल हैं। आरोपी दिलशाद के खिलाफ पहले से ही 10 मामले दर्ज हैं। वह इस तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।