Punjab media news : पंजाब के तरनतारन में रंजिशन एक व्यक्ति का कत्ल कर दिया गया। तरनतारन में पट्टी के पूर्व चेयरमैन मेजर सिंह धरीवाल को एक महिला ने गोलियां मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना तरनतारन के पट्टी की है। पंजाब में कांग्रेस सरकार के समय मार्केट कमेटी के चेयरमैन रहे मेजर सिंह अपने मैरिज पैलेस SGI गांव संगवां में मौजूद थे। वह अपने कर्मचारियों के साथ पैलेस में बैठ हिसाब कर रहे थे। तभी मकबूलपुरा निवासी अमनदीप कौर नाम की एक महिला मेजर सिंह के पास पहुंची। कुछ कहासुनी हुई और अमनदीप कौर ने पूर्व चेयरमैन की पिस्टल उठा गोलियां चला दी।
छाती में गोलियां लगने से मौत
दो गोलियां मेजर सिंह की छाती पर लगी। रिजोर्ट के स्टाफ ने मेजर सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
गोलियां चलाने के कारण का पता लगा रही पुलिस
एसएसपी तरनतारन गुरमीत सिंह चौहान ने जानकारी दी कि यह मामला गैंगवार का नहीं है। महिला अकेली थी और रिजॉर्ट में ही रहती थी। वह रिजॉर्ट की डैकोरेशन आदि का काम संभालती थी।
पुलिस के हाथ सीसीटीवी लगी है, जिसमें यह सब स्पष्ट हो रहा है। आरोपी महिला घटना के बाद पिस्टल अपने साथ ही ले गई है। महिला का फोन बंद है और अब पुलिस उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।