Punjab media news : पंजाब में अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल के करीब 5 दिन में तीसरी बार ब्लास्ट हुआ। यह ब्लास्ट स्वर्ण मंदिर के लंगर हॉल के करीब रात 12.10 बजे हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया। स्वर्ण मंदिर मैनेजमेंट ने तुरंत इसके बारे में पुलिस को सूचना दी। रात को ही पुलिस ने वहां पहुंचकर धमाके वाली जगह को सील कर दिया।
तलाशी के बाद लंगर हॉल के पास की श्री गुरु रामदास सराय से एक कपल समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 8 बम भी मिले हैं। तलाशी के दौरान सराय की CCTV फुटेज से दो संदिग्धों की पहचान की गई। इन्हें बरामदे में आते-जाते देखा जा सकता है। इनकी फोटो भी सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों धमाका करने के बाद सराय के बरामदे में जाकर सो गए। ऐसा कहा जा रहा है कि इन्होंने बम छत या खिड़की से फेंका था।
इनसे पूछताछ के बाद सराय के 225 नंबर रूम से एक कपल को गिरफ्तार किया गया। इनसे एक संदिग्ध बैग भी बरामद हुआ है। दोनों गुरदासपुर के रहने वाले हैं। इससे पहले शनिवार और सोमवार को धमाके हो चुके हैं। इनमें कम डेंसिटी वाले क्रूड बम का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस का दावा- केस सॉल्व, मकसद- शांति भंग करना था
DGP गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि अमृतसर में कम तीव्रता वाले विस्फोट का मामला सुलझ गया है। 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनका मकसद सिर्फ शांति भग करना था। इन्होंने धमाकों के लिए फटाखों का बारूद इस्तेमाल किया था। उन्होंने कहा कि SGPC टास्क फोर्स ने पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिला मामले को सुलझाया है।
धमाका करने के बाद बरामदे में सो गए संदिग्ध
SGPC के प्रधान हरजिंदर धामी ने कहा कि घटना के समय की सारी फुटेज खंगाली गईं। इसके बाद धमाका करने वालों की पहचान की गई। धमाका करने के बाद ये बरामदे में जाकर सो गए थे। वहीं से उसे हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ के बाद सराय में रुके विवाहित जोड़ा भी पकड़ा गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आजादवीर सिंह निवासी गांव वडाला कलां, बाबा बकाला, अमरीक सिंह निवासी गुरदासपुर, साहब सिंह निवासी गेट हकीमा अनगढ़, धर्मेंद्र व हरजीत निवासी 88 फुट रोड के रूप में हुई। जबकि गिरफ्तार महिला अमरीक सिंह की पत्नी है।
आजादवीर सिंह व अमरीक सिंह ने IED असेंबल किया था। यह लो ग्रेड एक्सप्लोसिव (पोटाश) को अनगढ़ से लाए थे। यह पोटाश साहिब सिंह साबा से लिया गया था। साहिब सिंह के पास अनगढ़ में पटाखे बनाने का लाइसेंस है। आरोपी 2 मई से ही श्री गुरु रामदास जी सराय में कमरा लेकर रह रहे थे।